Sunday, May 24, 2020

सोनू सूद को मिल रहीं दुआएं, प्रवासी मजदूर ने कहा- 'थैंक्यू भइया', स्मृति ईरानी ने की तारीफ

इन दिनों देश कोरोना वायरस (Coronavirus) नाम की मुसीबत से जूझ रहा है. ऐसे मुश्किल समय में कई और तरह की चुनौतियां भी सामने आ रही हैं. वहीं इस वायरस और इसके कारण सामने आने वाली चुनौतियों से लड़ने के लिए पूरा देश एक साथ खड़ा है. बात करें बॉलीवुड की तो इन दिनों एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) के प्रयासों की जमकर तारीफें हो रही हैं. वो कभी लॉकडाउन में गरीबों और जरूरतमंदों को खाना-राशन पहुंचाते दिख रहे हैं तो कभी प्रवासी मजदूरों (Migrant Workers) को घर पहुंचाने के लिए बसों का इंतजाम कर रहे हैं. हाल ही में उनसे मदद पाकर प्रवासी मजदूरों ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए धन्यवाद कहा है. यही नहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने भी उनकी तारीफें की हैं.
सोनू द्वारा किए गए बस के इंतजाम के बाद उसमें सवार एक व्यक्ति ने उन्हें टैग करते हुए ट्विटर पर लिखा था- 'सर हम लोग अच्छे से निकल चुके हैं, आप बेफिक्र रहिए, मैं आपको अपडेट करता रहूंगा, आपको प्यार भइया'. इस पर सोनू ने लिखा- 'विश यू अ हैप्पी जर्नी भाई, बोला था ना कल मां के हाथ का खाना खाओगे. बिहार पहुंच कर सबको सलाम कहना'.


वहीं स्मृति ईरानी ने ट्वीट करते हुए लिखा- 'मुझे 2 दशकों से आपको एक प्रोफेशनल सहकर्मी के तौर पर जानने का मौका मिला सोनू सूद, एक अभिनेता के तौर पर मैं आपकी सफलता को मानती भी हूं लेकिन इस चुनौती भरे वक्त में आपने जो उदारता दिखाई है उर पर मुझे गर्व है और जरूरतमंदो की मदद करने के लिए मैं हाथ जोड़कर आपका धन्यवाद करती हूं'.