सुशांत सिंह राजपूत को दुनिया छोड़े हुए 13 दिन हो चुके हैं। उनका परिवार और फैंस अब भी उनकी यादों को सहेज रहे हैं और इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में एक्टर के परिवार ने एक स्टेटमेंट फैंस के लिए जारी किया है। इस स्टेटमेंट के जरिए उन्होंने अपने प्यार बेटे सुशांत उर्फ गुलशन को अलविदा कहा और उनकी यादों को जिंदा रखने के लिए बड़ा ऐलान भी किया है। बता दें, सुशांत को घर में प्यार से गुलशन नाम से पुकारा जाता था।
घरवालों ने जारी किया ये स्टेटमेंट
सुशांत सिंह के घरवालों ने स्टेटमेंट को जारी करते हुए लिखा कि अलविदा सुशांत।
घरवाले आगे लिखते हैं कि वो अपने परिवार का गौरव और प्रेरणा थे। उनका टेलिस्कोप उनकी सबसे पसंदीदा चीज थी, जिससे वो सितारों को देखा करते थे। एक्टर के घरवाले अभी भी इस बात का यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि अब वो कभी उनकी हंसी नहीं सुन पाएंगे। उनकी चमकती आंखें नहीं देख पाएंगे और साइंस के बारे में उसकी कभी खत्म ना होने वाली बातें नहीं सुन पाएंगे। सुशांत के जाने से उनके परिवार में खालीपन फैल गया है, जो कभी खत्म नहीं होगा। वो सच में अपने हर एक फैन से प्यार करते थे।
टैलेंटेड की मदद के लिए खुलेगा SSR फाउंडेशन
स्टेटमेंट में आगे बताया गया है कि उनकी यादों को ताजा रखने के लिए एक फाउंडेशन बनाई जा रही है। पोस्ट में लिखा गया है, 'हमारे गुलशन को इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। उसकी यादों और लिगेसी को सम्मान देने के लिए परिवार सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन (SSRF) का निर्माण कर रहा है। इससे सुशांत की पसंद के एरिया यानी साइंस, सिनेमा और स्पोर्ट्स में आने वाले यंग टैलेंट को सपोर्ट किया जाएगा। साथ ही पटना के राजीव नगर स्थित उनके घर को मेमोरियल में तब्दील किया जाएगा। हम यहां उनकी पर्सनल चीजें रखेंगे, जिसमें उनकी हजारों किताबें, टेलिस्कोप, फ्लाइट सिम्युलेटर संग अन्य चीजें होंगी। इससे फैन्स और शुभचिंतक उनसे जुड़े रहेंगे।'
स्टेटमेंट के अंत में बताया गया है कि सुशांत के सभी सोशल मीडिया अकाउंट को अब उनका परिवार संभालेगा। इसके जरिए उनकी यादों और लिगेसी को ताजा रखा जाएगा। परिवार ने सभी फैन को प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया है।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी। वो डिप्रेशन से जूझ रहे थे। हमेशा हंसते-खेलते रहने वाले सुशांत ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया ये बात किसी को नहीं पता। पुलिस इस मामले की जांच में लगी हुई है। ऐसे में उनके दोस्तों, परिवार और करीबियों से पूछताछ की जा रही है।