Monday, May 25, 2020

यूजर ने कहा, आपकी मूर्ति बनाने की तैयारी हो रही है, तो सोनू सूद बोले- भाई उस पैसे से गरीब की मदद करना

कोरोना वायरस की वजह से पूरा देश परेशान है। वायरस की वजह से देश में लॉकडाउन लगा हुआ है और इससे दिहाड़ी मजदूरों की जिंदगी पर काफी असर पड़ा है। कुछ मजदूर घर से दूर फंसे हुए हैं। हालांकि इन मजदूरों की मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। उन्होंने अब तक कई मजदूरों को अपने घर पहुंचाया है। सोशल मीडिया पर सोनू की खूब तारीफ हो रही है।

लोग ट्वीट कर सोनू से मदद मांग रहे हैं और वह उनसे उनकी डिटेल मांगकर मदद कर रहे हैं। अब हाल ही में एक शख्स ने सोनू की तारीफ करते हुए ट्वीट किया कि बिहार के सिवान जिले में उनकी मूर्ति बनवाने की तैयारी की जा रही है।

उस शख्स का जवाब देते हुए सोनू ने लिखा, भाई उस पैसे से किसी गरीब की मदद करना।

सोनू के इस ट्वीट पर सभी उनकी तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि सोनू खुद जाकर सभी मजदूरों को बस में बिठाकर उन्हें विदा कर रहे हैं। साथ ही उनके लिए खाने के लिए भी चीजें देते हैं ताकि सभी सफर में भूखे ना रहें।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सोनू ने कहा, यह मेरा कर्तव्य है कि मैं प्रवासी मजदूरों की मदद करूं जो हमारे देश के दिल की धड़कन हैं। हम देख रहे हैं कि कैसे मजदूर अपने परिवार और बच्चों को लेकर पैदल ही घर के लिए निकल रहे हैं। हम एसी में बैठकर सिर्फ ट्वीट नहीं कर सकते। हमें उनकी मदद करनी होगी। मैं सुबह से लेकर शाम तक इनकी मदद के लिए काम कर रहा हूं। मुझे उनकी मदद करके जो संतुष्टि मिलती है उसे मैं शब्दों से बयां नहीं कर सकता।